पालिका के आश्वासन पर भी नहीं माने आंदोलनकारी, कचरा नहीं हटने तक देंगे धरना

by | Dec 20, 2025 | उत्तरकाशी, उत्तराखंड, राजनीतिक, राज्य

Author
Nitin Chand Ramola
Category
Date
December 20, 2025

-पालिका ने आंदोलनकारियों को आगामी जनवरी माह तक कचरा हटाने का दिया भरोसा, फिर भी नहीं माने

उत्तरकाशी।

नगर की स्वच्छता और तांबाखाणी सुरंग के बाहर कचरा डंपिंग जोन हटाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ रावत का धरना जारी है। आंदोलनकारियों ने सुरंग के बाहर से कचरा हटने के बाद ही धरना समाप्त करने की चेतावनी दी।

उत्तरकाशी शहर की स्वच्छता, तांबाखाणी सुरंग के बाहर से अवैध कचरा डंपिंग जोन हटाने सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ रावत का अपने समर्थकों के साथ अनिश्चित कालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को हनुमान चौक पर पालिका की मुख्य सफाई निरीक्षक कुसुम राणा, सभासद देवराज बिष्ट व महावीर चौहान धरना स्थल पर पहुंचे। वहां पर सफाई निरीक्षक कुसुम ने आंदोलनकारियों को आगामी जनवरी माह तक तांबाखाणी सुरंग के बाहर से कचरा हटाने का लिखित और मौखिक आश्वसन देकर धरना समाप्त करने का अनुरोध किया,लेकिन आंदोलनकारी गोपीनाथ व उनके समर्थक मानने को राजी नहीं हुए। वहीं यूकेडी नेता विष्णुपाल सिंह रावत व संतोष सेमवाल ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समर्थन दिया। सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ ने कहा पालिका के झूठे आश्वसनों से काम नहीं चलेगा। कहा कि तांबाखाणी सुरंग के बाहर से पूरा कचरा हट जाने के बाद वह अनिश्चित कालीन धरना समाप्त करेंगे। इस मौके पर गोपाल रमोला, सिद्वार्थ राणा, दीपक परमार, शुभम पंवार, सुमित बधानी, शिवम भंडारी, संतोष रावत आदि युवा धरना स्थल पर मौजूद रहे।

0 Comments

Submit a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!