उत्तरकाशी।
दिल्ली के जंतर-मंतर में युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को उत्तरकाशी में सैकड़ों युवा सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।युवा जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और “वी वॉन्ट जस्टिस” के नारों से परिसर गूंज उठा।

प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) और कांग्रेस के नेताओं ने भी कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को अपना समर्थन दिया और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ज्ञापन सौंपने के बाद युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


0 Comments