उत्तरकाशी। उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रौद्योगिकी संस्थान में इमरजिंग टेक्नोलॉजी लैब और इंजीनियरिंग वर्कशॉप का लोकार्पण किया। अब संस्थान में तकनीकी शिक्षा के छात्रों को प्रयोगात्मक शिक्षा का ज्ञान मिल पाएगा। इस मौके पर अमर बलिदानियों की स्मृति को संजोने के लिए बनाई गई शौर्य दीवार का अनावरणकिया गया। विज्ञान दिवस के अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आईटी बौन में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह संस्थान सीमांत क्षेत्र में स्थित है। इसलिए इसमें सुविधाओं को बढ़ाकर प्रदेश में एक रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।छात्रों के लिए जल्द छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने छात्रों से कहा कि उत्तराखंड राज्य ने भी तकनीकी क्षेत्र में काफी उन्नति की है और राज्य में अनेक महत्वपूर्ण तकनीकी संस्थान सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं।वहीं गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि लंबी प्रतीक्षा के बाद प्रौद्योगिकी संस्थान बौन का वर्ष 2023 से नियमित संचालन शुरू हुआ है। यह जिले में उच्च शिक्षा के लिए बढ़ रहे पलायन को रोकेगा।वहीं उन्होंने छात्रों के लिए बस सुविधा देने की बात कही। इस मौके पर संस्थान के छात्रों के लिए निबंध, चित्रकला, साइंस प्रोजेक्ट आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं विजेता छात्रों को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. ओंकार सिंह, प्रभारी निदेशक प्रो. एच.एस. भदौरिया, डीएफओ डीपी बलूनी, साक्षी रावत, गंगा बुडलाकोटी, एसडीएम डुंडा देवानंद शर्मा आदि मौजूद रहे।


0 Comments