उत्तरकाशी।
भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि तीन साल की अवधि में प्रदेश में भाजपा सरकार में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। प्रदेश में सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को मिल रहा है।

शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार चौहान ने पत्रकारों से वार्ता की। जिलाध्यक्ष चौहान ने कहा कि नकल विरोधी कानून लाकर सरकार ने नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम किया है। वहीं, देश में यूसीसी(समान नागरिक संहिता) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। जिलाध्यक्ष चौहान ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में 23 मार्च को प्रदेश सरकार के 3 साल पूरे होने जा रहे हैं। इन तीन सालों में तेजतर्रार व निर्णय लेने की क्षमता रखने वाले सीएम धामी के नेतृत्व में कई कार्य हुए हैं। नकल विरोधी कानून से अब आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों के मेहनती बच्चे जूनियर इंजीनियर व कनिष्ठ लिपिक बन रहे हैं। शिक्षा में सहायक अध्यापक व स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्तियां हो रही हैं। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत अब पात्र पति व पत्नी दोनों को लाभ मिल रहा है। केदारनाथ के साथ यमुनोत्री धाम को रोपवे से जोड़ने का काम शुरू हो चुका है। सीएम के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगोत्री घाटी में आकर पहाड़ों में आने का संदेश देने का काम किया है। गरीब परिवारों को तीन सिलिंडर मुफ्त उपलब्ध कराये जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता के लिए एक विशेष कोष् गठित किया गया है। कहा कि गंगोत्री व यमुनोत्री धामों के विकास के लिए भी सरकार मास्टर प्लान तैयार करने का काम कर रही है। इस मौके पर सीएम के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जयवीर चौहान, महावीर नेगी,भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित सेमवाल, हरीश सेमवाल, बुद्धि सिंह पंवार, राजीव बहुगुणा, खुशाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


0 Comments