-एसपी ने यात्रा रुट व धाम पर पडने वाले पर्यटन पुलिस चौकियों, ड्यूटी प्वाइंट, यात्री पंजीकरण केन्द्र का भौतिक निरीक्षण किया
-आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए मन्दिर परिसर,यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने के निर्देश
उत्तरकाशी। एसपी सरिता डोबाल आगामी चारधाम यात्रा तैयारियों के तहत यात्रा रुट का निरीक्षण करते हुए यमुनोत्री धाम पहुंची। एसपी ने यात्रा रुट पर समय रहते सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए।

आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस ने भी कमर कस ली है। एसपी सरिता डोबाल ने तैयारियों के तहत शुक्रवार को यमुनोत्री धाम यात्रा रुट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी डोबाल ने यात्रा रुट पर मुख्य पड़ावों, पुलिस चौकियों व दुर्घटना के लिहाज से संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान एसपी ने यात्रा रुट व धाम पर पडने वाले पर्यटन पुलिस चौकियों, ड्यूटी प्वाइंट, यात्री पंजीकरण केन्द्र आदि का भौतिक निरीक्षण किया। साथ ही इन स्थानों पर कर्मचारियों की रहने-खाने की समुचित व्यवस्थाएं तथा मूलभूत सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

एसपी ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भीड़ नियंत्रण तथा यात्रा के सुरक्षित संचालन के लिए घोडे-खच्चर व डण्डी-कण्डी के रोटेशन सिस्टम के साथ जरुरतपडने पर वैकल्पिक मार्ग के प्रयोग की योजना पर जोर दिया। यमुनोत्री धाम में एसपी डोबाल ने यमुनोत्री पुलिस चौकी का भौतिक निरीक्षण कर धाम में विषम परस्थितियों के बीच जवानों के ठहरने- रहने खाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एसपी डोबाल ने यात्रा के समय आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए मन्दिर परिसर, यात्रा मार्ग तथा प्रमुख पड़ावों को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ देवेन्द्र नेगी, थानाध्यक्ष दीपक कठैत, वाचक पुलिस अधीक्षक कोमल रावत सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।


0 Comments