-बोले मुख्यमंत्री धामी प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता है।
उत्तरकाशी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला में उप जिला चिकित्सालय का भूमि पूजन कर 210 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पुरोला खेल मैदान पहुंचे। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री धामी का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने पुरोला में 43 करोड़ के उप जिला चिकित्सालय का भूमि पूजन किया।

साथ ही मोरी तथा पुरोला क्षेत्र में 210 करोड़ से स्वास्थ्य,सड़क,सिंचाई व पर्यटन से जुड़ी विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसमें 35 योजनाओं का लोकार्पण तथा 20 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस मौके पर जन सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि उप जिला चिकित्सालय न केवल स्थानीय स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ और बद्रीनाथ के सौंदर्यीकरण कार्य, वंदे भारत ट्रेनों और दुनिया के सबसे बड़े रेलवे नेटवर्क को राष्ट्र को समर्पित करने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को चौथे स्थान मिलने पर देश का गौरव बढ़ा है। इस मौके पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा, महामंत्री पवन नौटियाल, मंडल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, बलदेव सिंह रावत, विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, राजेंद्र गैरोला, जगत सिंह चौहान, पूर्व विधायक मालचंद, राजपाल सिंह पंवार, यशोदा राणा, प्रताप पंवार और रामसुंदर नौटियाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


0 Comments