उत्तरकाशी।
पुलिस ने गुरुवार को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है, मतगणना स्थल पर मोबाईल फोन का उपयोग वर्जित रहेगा। बुधवार को एसपी सरिता डोभाल के निर्देश पर भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, नौगांव, पुरोला व मोरी मे पुलिस अधिकारियों ने मतगणना को लेकर अधिनस्थ पुलिस कर्मचारियों की बैठक ली।

मतगणना ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को मतगणना के दौरान ड्यूटी पर सतर्क रह कर अतिरिक्त सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतगणना स्थल व उसके आस पास के दायरे में अनाधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश न करने, केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति देने के निर्देश दिए गए। एसपी सरिता डोभाल ने बताया कि मतगणना स्थल पर मोबाईल फोन का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। कहा कि मतगणना को निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से सम्पन्न करवाने लिए पर्याप्त पुलिस बल नियुक्त किया गया है। मतगणना को लेकर 2 सीओ, 8 निरीक्षक, 49 उप निरीक्षक/अपर निरीक्षक, पुलिस, फायर, पीएसी, होमगार्ड व पीआरडी सहित 550 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।


0 Comments