उत्तरकाशी।
प्रदेश में पेपर लीक मामले में उत्तरकाशी में युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जिला मुख्यालय पर युवाओं ने सरकार के खिलाफ उग्र जनाक्रोश रैली निकाली।

बुधवार को उत्तराखंड क्रांति दल के नेताओं और बेरोजगार संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में युवा काली कमली धर्मशाला में एकत्रित हुए। वहां से मुख्य बाजार सहित विश्वनाथ चौक से कलक्ट्रेट परिसर तक नारेबाजी के साथ जनाक्रोश रैली निकाली गई।

कलक्ट्रेट में हुई सभा में युवाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही इस्तीफे की मांग उठाई। कहा कि प्रदेश सरकार कह रही पेपर लीक नहीं हुआ, तो पेपर लीक के आरोपी के कमरे में जैमर क्यों नहीं था। वहीं दूसरी ओर बच्चों को बसों में बिठाकर देहरादून लाया गया, तब उनसे झूठ बुलवाया गया, आज धामी सरकार की पोल खुलकर सामने आई है। युवाओं ने कहा कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए। कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। युवाओं ने कहा कि सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। वहीं पेपर लीक मामले में युवाओं ने चिन्यालीसौड़, बड़कोट, नौगांव, पुरोला व मोरी में भी सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन में यूकेडी नेता विष्णुपाल रावत, आशीष नेगी, जसवीर असवाल, कांग्रेस युवा मोर्चा के सुधीश पंवार, अभिषेक नेगी, संतोष सेमवाल व आलोक चौहान सहित अनेक बेरोजगार युवा मौजूद रहे।


0 Comments